Hazaribagh: बाबा श्याम की भक्ति में हजारीबाग एक बार फिर श्याममय होने जा रहा है. श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार के तत्वावधान में 30 अगस्त, रविवार को मालवीय मार्ग स्थित अग्रसेन भवन में पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. पांचवें वर्ष आयोजित होने वाले इस महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजक मंडली तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है. कार्यक्रम को लेकर श्याम भक्तों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. अग्रसेन भवन में दोपहर 2:15 बजे से बाबा श्याम का भव्य दरबार सजेगा. कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना से होगी, जिसे राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा संपन्न कराएंगे. इसके बाद बाबा श्याम की भव्य ज्योत के समक्ष भक्ति की ऐसी धारा बहेगी, जिसमें श्रद्धालु देर तक भजनों और संकीर्तन का आनंद लेंगे.

भजन प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान
महोत्सव में जयपुर के अभिषेक नामा, कटिहार के आदर्श दाधीच और जयपुर के दीपांशु अग्रवाल अपनी भजन प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे. स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजन में भक्ति का रंग भरेंगे. कलाकारों के भजनों के साथ श्याम भक्तों के जयकारों से अग्रसेन भवन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय होगा. आयोजन की तैयारियों के साथ सेवा कार्यों को भी विशेष महत्व दिया गया है. 27 अगस्त को सुबह 7 बजे गौशाला में गौ माता की सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. आयोजक मंडली का कहना है कि बाबा श्याम के महोत्सव की शुरुआत सेवा भावना के साथ करना आयोजन की विशेष परंपरा का हिस्सा है. श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में संभावित उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. संबंधित थाना एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है. आयोजन को लेकर विभिन्न समाज, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों को आमंत्रण पत्र के माध्यम से आमंत्रित किया जा रहा है. महोत्सव में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट का विशेष सहयोग रहेगा, जबकि श्री श्याम परिवार तुलसीधाम, कोलकाता का आशीर्वाद प्राप्त होगा. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 35 एमएम के माध्यम से भी किया जाएगा, ताकि शहर से बाहर रहने वाले श्याम भक्त भी बाबा के दरबार से जुड़ सकें. श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की नौ सदस्यीय टोली पिछले पांच वर्षों से बाबा श्याम की भक्ति और सेवा के लिए समर्पित होकर इस आयोजन को आगे बढ़ा रही है. इस बार पंचम वर्ष को विशेष और ऐतिहासिक बनाने के लिए परिवार के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हैं. आयोजक मंडली ने हजारीबाग सहित आसपास के सभी श्याम भक्तों से 30 अगस्त को अग्रसेन भवन पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है.

