Saraikela-Kharsawan: जिला आयुष समिति, सरायकेला की ओर से जिले में स्वास्थ्य जांच और आयुष चिकित्सा सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए. मध्य विद्यालय, ब्रह्मकुटुंब में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. सैफी जोहेब की ओर से स्कूल हेल्थ कैंप आयोजित किया गया. शिविर में विद्यालय में अध्ययनरत 32 विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की गई. जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार विद्यार्थियों को निःशुल्क होम्योपैथी दवाओं का वितरण किया गया.

अर्जुन स्टेडियम में प्रशिक्षुओं की स्वास्थ्य जांच
अर्जुन स्टेडियम, सरायकेला में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आशा कुमारी की ओर से मासिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया. शिविर में स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं के स्वास्थ्य की जांच की गई. आवश्यकता के अनुसार उन्हें निःशुल्क होम्योपैथी दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं.
आयुष चिकित्सा के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर
स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. जिला आयुष समिति की ओर से इस तरह के शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

