Giridih: सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची–दुमका मुख्य मार्ग पर बागोडीह चौक के समीप मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. घटना में एक किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान कावड़िया टोला निवासी अंकित स्वर्णकार (15 वर्ष), पिता-अशोक स्वर्णकार के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित स्वर्णकार अपनी बाइक से चंद्रमानी स्थित अपने पिता के गैरेज में खाना पहुंचाने जा रहा था. इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया. लेकिन रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें : चुनाव प्रचार खत्म : केरल विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को डाले जाएंगे वोट, अब डोर-टू-डोर कैंपेन
उचित मुआवजा और कार्रवाई का दिया गया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव के साथ रांची–दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. उचित मुआवजा एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
ये भी पढ़ें : अवॉर्ड शो में राजपाल पर मजाक, Salman Khan ने दिया सॉलिड जवाब, कहा- डॉलर ऊपर हो या नीचे, काम तो…


