लोहरदगा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, जो वर्तमान में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कूच बिहार के प्रवेक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, ने राजगंज विधानसभा क्षेत्र के मेलाकोपा में आयोजित कांग्रेस पार्टी की विशाल रैली में भाग लिया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक उपस्थित रहे, जिससे रैली का माहौल उत्साहपूर्ण और जोश से भरपूर रहा.
कांग्रेस हमेशा से जनता के हितों के लिए संघर्ष करती आई है- धीरज प्रसाद साहू
रैली को संबोधित करते हुए धीरज प्रसाद साहू ने पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक उम्मीदवार की जीत का नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का चुनाव है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की, कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाएं तथा अपने प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीबों, किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों के लिए संघर्ष करती आई है. वर्तमान परिस्थितियों में जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही वह विकल्प है जो राज्य को सही दिशा में ले जा सकती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया.
रैली में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पूरे उत्साह के साथ पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और जीत का संकल्प लिया. कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने और चुनाव में जीत सुनिश्चित करने पर जोर दिया. यह रैली आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस की मजबूत तैयारी और कार्यकर्ताओं के उत्साह को दर्शाती है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: DISHA बैठक में अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ, ठोस कचरा प्रबंधन और जागरूकता पर दिया गया जोर


