निकाय चुनाव निष्पक्ष कराना आयोग और पुलिस की जिम्मेदारी: आदित्य साहू

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य सरकार और...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है.

जनता निर्भीक होकर मतदान करें

आदित्य साहू ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के प्रचार का आज अंतिम दिन है और 23 फरवरी को राज्य के 48 नगर निकायों में मतदान होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की चुनाव कराने की मंशा पहले नहीं थी, लेकिन न्यायालय के निर्देश और भाजपा के आंदोलन के कारण तीन साल की देरी के बाद चुनाव हो रहे हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि वे बिना डर के भारी संख्या में मतदान करें. यह चुनाव सिर्फ शहर की सरकार नहीं तय करेगा, बल्कि राज्य सरकार को भी कड़ा संदेश देगा.

बैलेट पेपर और पुलिस की भूमिका पर सवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से कराने और राज्य पुलिस की निगरानी में कराने के फैसले से निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने निकाय चुनाव ईवीएम से कराने और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि राज्य के कई बूथ संवेदनशील और अति संवेदनशील हैं, इस संबंध में भाजपा ने लिखित ज्ञापन भी दिया है.

सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश

आदित्य साहू ने दावा किया कि पूरे प्रदेश में राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश है. उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, अपराध और अव्यवस्था से जनता परेशान है और निकाय चुनाव में इसका जवाब देगी. उन्होंने कहा कि भले ही निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, लेकिन राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों के साथ मैदान में हैं. जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है.

पुलिस प्रशासन से अपील

उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी अपील की, कि वे अपने पद और वर्दी की मर्यादा बनाए रखें और किसी दबाव में काम न करें. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी.

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *