Lifestyle Desk: क्या आपने कभी सोचा है कि तेजी से बदलती दुनिया बच्चों के शरीर और मन पर कैसा असर डाल रही है? आज की स्थिति काफी चिंताजनक है और इसे नज़रअंदाज़ करना मुश्किल होता जा रहा है. हाल ही में सामने आई एक वैश्विक रिपोर्ट ने इस चिंता को और गहरा कर दिया है. इसमें बताया गया है कि आने वाले वर्षों में किशोरों के सामने कई गंभीर चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं. अनुमान है कि 2030 तक दुनिया भर में करोड़ों बच्चे और किशोर ऐसी परिस्थितियों में जी रहे होंगे, जहां मानसिक तनाव, बढ़ता वजन और दुर्घटनाओं का खतरा उनके स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है.

यह सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि एक चेतावनी है कि हमें अभी से सतर्क होने की जरूरत है बदलती जीवनशैली, स्क्रीन पर बढ़ती निर्भरता और शारीरिक गतिविधियों की कमी बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर रही है. ऐसे में परिवार, स्कूल और समाज -सभी की जिम्मेदारी बनती है कि बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान दिया जाए, ताकि वे स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सकें.
इन चुनौतियों को समय रहते संभाला जा सकता है, लेकिन इसके लिए अभी से जागरूक होना बेहद जरूरी है. अगर हम लापरवाही बरतते रहे, तो आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में युवा इन समस्याओं की गिरफ्त में आ सकते हैं और स्थिति गंभीर रूप ले सकती है.
मानसिक स्वास्थ्य का बढ़ता संकट
आज किशोरों में अवसाद और चिंता तेजी से बढ़ रही हैं, जो उनके जीवन पर गहरा असर डाल रही हैं. अनुमान है कि 2030 तक बड़ी संख्या में युवाओं के स्वस्थ जीवन के वर्ष मानसिक समस्याओं के कारण प्रभावित होंगे.
वहीं, मोटापा भी एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. आने वाले समय में करोड़ों युवा इसकी चपेट में आ सकते हैं, जिससे डायबिटीज और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ेगा.
किशोरावस्था में बढ़ती चुनौतियां
किशोरावस्था जीवन का बेहद नाजुक दौर होता है, जहां छोटी-सी भी गड़बड़ी-चाहे नींद में हो या मानसिक स्थिति में लंबे समय तक असर डाल सकती है. कम उम्र, खासकर 12 साल से पहले स्मार्टफोन मिलने से बच्चों में उदासी और तनाव के लक्षण बढ़ते देखे जा रहे हैं. साथ ही, स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने से उनकी नींद प्रभावित होती है और शारीरिक गतिविधियां घटने से मोटापे का खतरा भी बढ़ जाता है.
सुरक्षा भी बड़ी चुनौती
शारीरिक और मानसिक समस्याओं के साथ-साथ सुरक्षा की अनदेखी भी किशोरों के लिए गंभीर खतरा बन रही है. 10 से 24 वर्ष के युवाओं में आज भी हादसे और असुरक्षित परिस्थितियां मौत के प्रमुख कारणों में शामिल हैं.
बचाव के उपाय
- बच्चों के स्क्रीन टाइम को सीमित रखें और उन्हें खेल-कूद व अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।
- उनसे खुलकर बात करें, उनकी ऑनलाइन गतिविधियों और भावनात्मक स्थिति को समझने की कोशिश करें.
- अगर उनके व्यवहार में बदलाव दिखे-जैसे चिड़चिड़ापन, खाने की आदतों में फर्क या अकेलापन-तो इसे नजरअंदाज न करें.
साइबर बुलिंग का बढ़ता खतरा
डिजिटल दौर में ‘साइबर बुलिंग’ बच्चों के लिए एक नई और गंभीर चुनौती बनकर सामने आई है. सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता है, जिससे वे डर, शर्म और अवसाद जैसी समस्याओं से जूझने लगते हैं. लगातार स्क्रीन के संपर्क में रहने से उनके मानसिक विकास पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है.
ALSO READ: रील का जानलेवा क्रेज: अब कोयला चोरी करते हुए स्वैग दिखा रहे युवा
यह रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई है, जो एक साफ संकेत देती है कि अब समय आ गया है बच्चों की जीवनशैली, मानसिक स्थिति और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए.
