झारखंड: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और अब लोगों को तेज धूप का असर साफ तौर पर महसूस होने लगा है. आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में लू चलने का खतरा बढ़ गया है.
17-18 अप्रैल को लू का असर रहेगा तेज
मौसम विभाग ने 17 और 18 अप्रैल के लिए रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा और सरायकेला-खरसांवा जिलों में लू चलने की संभावना जताई है. इन इलाकों में लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Read Also: छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, पावर प्लांट बॉयलर फटने से 10 मजदूरों की मौत
कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार
हालांकि 17 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है. अन्य इलाकों में भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. लेकिन 19 अप्रैल से मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.
कई जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
सरायकेला में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर है. इसके अलावा राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है. इससे पहले भी अप्रैल की शुरुआत में तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया जा चुका है.
Read Also: सूरज के तेवर बेकाबू! बिहार में बढ़ेगा तापमान, 40°C पार का खतरा
राजधानी समेत अन्य जिलों का हाल
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 0.4 डिग्री कम रहा. वहीं जमशेदपुर में 39 डिग्री, मेदिनीनगर में 39.8 डिग्री, बोकारो में 39.1 डिग्री, हजारीबाग में 36.2 डिग्री, गुमला में 35.5 डिग्री और पाकुड़ में 37.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
