Palamu: पलामू संसदीय क्षेत्र के विकास की दिशा में शुक्रवार को एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है माननीय सांसद श्री विष्णु दयाल राम की विशेष अनुशंसा और लगातार प्रयासों के बाद सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने पलामू जिला के अंतर्गत नावाबाजार प्रखंड से पांडू प्रखंड को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के कायाकल्प को मंजूरी दे दी है. केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत इस परियोजना के लिए ₹103.608 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है.
नावाबाजार से पांडू तक बनेगी नई सड़क
यह प्रस्तावित निर्माण नावाबाजार प्रखंड के ग्राम बरहमोरिया मोड़ से शुरू होकर पांडू प्रखंड के ग्राम कजरू कला होते हुए दुर्गा माइंस रोड तक जाएगा. कुल 23.615 किलोमीटर लंबी इस सड़क का न केवल नए सिरे से निर्माण होगा, बल्कि इसका चौड़ीकरण भी किया जाएगा ताकि भविष्य में भारी वाहनों और बढ़ते यातायात का दबाव आसानी से संभाला जा सके.
जर्जर सड़क से मिलेगी राहत
वर्तमान में यह सड़क अत्यंत जर्जर अवस्था में है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सड़क के पक्कीकरण और चौड़ीकरण की मांग कर रही थी. इस परियोजना के धरातल पर उतरने से न केवल लोगों का सफर सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि इस ग्रामीण अंचल में आर्थिक और सामाजिक विकास की गति भी तेज होगी.
Also Read: जब अपनों ने ठुकराया, तब गैरों ने दिया कंधा, हजारीबाग में इंसानियत ने लिखी करुणा की आखिरी कहानी
सांसद और मंत्रालय के प्रति आभार
सांसद विष्णु दयाल राम ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह सड़क पलामू के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी. सांसद के निजी सचिव अलख दूबे ने इस स्वीकृति की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पलामू की जनता की ओर से मंत्रालय के प्रति विशेष आभार प्रकट किया गया है.
