Palamu: पलामू जिले में नए पुलिस कप्तान के दिशा-निर्देश पर शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है. इसी कड़ी में फोर व्हीलर वाहनों में लगे काले (ब्लैक) शीशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के दौरान जिन वाहनों में अवैध रूप से ब्लैक फिल्म या गहरे शीशे लगे पाए जा रहे हैं, उन्हें मौके पर ही हटवाया जा रहा है. पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप देखा गया.
समाजसेवी राजू तिर्की के वाहन की भी की गई जांच
इसी दौरान समाजसेवी बने राजू तिर्की के वाहन की भी पुलिस द्वारा तलाशी ली गई. जांच के दौरान उनके वाहन में लगे ब्लैक शीशे को पुलिस ने मौके पर ही उखाड़ फेंका और उन्हें ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सख्त नसीहत दी. इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी राजेश कुमार कर रहे हैं. उनके साथ शहर थाना प्रभारी, टिओपी प्रभारी तथा ट्रैफिक इंचार्ज भी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई को सफल बना रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है, कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में दिनदहाड़े लूट, सीएसपी संचालक के 2.70 लाख रुपये लेकर बदमाश फरार
