Hazaribagh: शहर के डॉ. जाकिर हुसैन रोड इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक को सुनियोजित तरीके से नशे की लत में धकेला गया और बाद में कर्ज वसूली व धमकियों के जरिए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.
कर्ज के नाम पर उसे डराया-धमकाया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक को ब्राउन शुगर का आदी बना दिया गया था. शुरुआत में उसे मुफ्त और उधार में नशा दिया गया, जिसके बाद उससे पैसे की मांग शुरू हुई. परिजनों का कहना है कि स्थानीय युवकों का एक गिरोह लगातार उस पर दबाव बना रहा था और कर्ज के नाम पर उसे डराया-धमकाया जा रहा था.
बताया जा रहा है कि इस दबाव और मानसिक तनाव के कारण युवक गहरे अवसाद में चला गया.अंततः उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिवार ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे हत्या करार दिया है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि हजारीबाग में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं. साथ ही, नशे के कारण चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि की बात कही जा रही है.
पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि क्षेत्र में ड्रग्स का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है.
इसें भी पढ़े: झारखंड में बढ़ता अपराध,सरकार पर घिरा सवाल-आदित्य साहू का तीखा हमला
