Palamu: महापौर अरुणा शंकर ने आज अपने आवास में वार्ता करते हुए बताया कि बहुत जल्द वह जिले के दोनों नए पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से मिलेंगी और शहर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक की ओर ध्यान आकृष्ट करेंगी.
सभी विभागों की संयुक्त बैठक जरूरी
महापौर ने कहा कि शहर का ट्रैफिक ऐसी समस्या है, जब तक एक साथ नगर निगम, उपायुक्त पलामू, आरक्षी अधीक्षक एवं चेंबर के लोग बैठकर चर्चा नहीं करेंगे, तब तक इसका समाधान नहीं निकाला जा सकता.
पहली बैठक में उठेगा मुद्दा
उन्होंने कहा कि जिले में आए दोनों नए प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक में वह इस मुद्दे को गंभीरता से रखेंगी, ताकि जल्द से जल्द इसका समाधान निकाला जा सके.
Also Read: दोरहिया में भू-माफियाओं के खिलाफ बिगुल: ‘रास्ता और रैयती जमीन हड़पने नहीं देंगे’-राजेश यादव
ट्रैफिक लाइट की खराब स्थिति पर सवाल
महापौर ने कहा कि हमारे नए आरक्षी अधीक्षक शहर का भ्रमण कर रहे हैं. उन्होंने भी देखा होगा कि शहर में लगे ट्रैफिक लाइट की स्थिति कैसी है . कहीं लाइट वर्षों से लाल है, तो कहीं वर्षों से हरी ही बनी हुई है. इससे शहर के ट्रैफिक हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है.
स्थानीय समझ से समाधान संभव
महापौर ने कहा कि चूंकि वह शहर की निवासी हैं और वर्षों से शहर को देखती आ रही हैं, इसलिए वह समस्या और उसके समाधान दोनों को बेहतर तरीके से सामने रख पाएंगी.
