PAKUR: जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में फरार आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अमड़ापाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अलग-अलग कांडों में लंबे समय से फरार चल रहे तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पचुवाड़ा गांव में छापेमारी कर गिरफ्तारी
थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाना बदल रहे थे, वारंटी वर्तमान में अपने घरों में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पचुवाड़ा गांव में दबिश दी. इस कार्रवाई में पुलिस ने मारपीट से जुड़े कांड संख्या 31/23 के आरोपी निबूलाल किस्कू को उसके घर से दबोच लिया.
इसे भी पढ़ें: गुमला : नदी मे डूबने से बुजुर्ग की मौत, जांच में जुटी पुलिस
दहेज प्रताड़ना मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
इसके अलावा, पुलिस ने प्रताड़ना एवं दहेज प्रथा प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित पुराने मामले (कांड संख्या 19/17) में फरार चल रहे दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में मिनासी मुर्मू और मरियम मरांडी शामिल हैं. इन तीनों के खिलाफ न्यायालय द्वारा लंबे समय से गैर-जमानती वारंट जारी था.
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फरार आरोपी या तो स्वयं न्यायालय में आत्मसमर्पण करें, अन्यथा पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी. पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा.
