Jamshedpur: पोटका थाना क्षेत्र के हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. एक अनियंत्रित कार ने पैसेंजर से भरे टाटा मैजिक और दो मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार खुद भी पलट गई.
एक की मौके पर ही मौत, 12 से ज्यादा घायल
इस हादसे में कुल एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाता की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार जुड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास अनियंत्रित हो गई. पहले उसने सामने से आ रहे पैसेंजर से भरे टाटा मैजिक को जोरदार टक्कर मारी, फिर दो मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे पलट गई.
हादसे के बाद लगा जाम
एमजीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया है. मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है. हादसे के बाद हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया. सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है. आशंका है कि हादसा तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने से हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सभी घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.
यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण पर भाजपा का शंखनाद, 25 अप्रैल को रांची में नारी शक्ति का आक्रोश मार्च
