24th National Junior (Under-20) Athletics Federation Championship : देश के उभरते ट्रैक एंड फील्ड सितारे शुक्रवार से कर्नाटक के तुमकुर स्थित महत्मा गांधी स्टेडियम में शुरू हो रही 24वीं राष्ट्रीय जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे. तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता रविवार तक चलेगी और इसमें देशभर के युवा एथलीट हिस्सा लेंगे. यह प्रतियोगिता खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि इसे अगले महीने एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाइंग इवेंट के रूप में देखा जा रहा है. Athletics Federation of India पहले ही चयन मानक घोषित कर चुका है. ऐसे में कई युवा खिलाड़ी भारतीय टीम में जगह बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे.
यह भी पढ़ें : आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी पर आरोप तय, 22 मई से शुरू होगी गवाही
पहले दिन 5000 मीटर से होगी शुरुआत
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग की 5000 मीटर दौड़ के साथ पदक मुकाबलों की शुरुआत होगी. इसके अलावा महिला पोल वॉल्ट और डिस्कस थ्रो में भी विजेताओं का फैसला किया जाएगा.
झारखंड के पार्थ सिंह पर नजरें
पहले दिन झारखंड के उभरते धावक पार्थ सिंह पर विशेष नजरें रहेंगी. पुरुष 100 मीटर दौड़ में उनका मुकाबला ओडिशा के प्रतिक महाराणा समेत कई तेज धावकों से होगा. पार्थ सिंह ने वर्ष 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था और इस बार भी उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही है.
वापसी करेंगे बापी हांसदा
ओडिशा के अंतरराष्ट्रीय 400 मीटर धावक बापी हांसदा भी इस प्रतियोगिता में वापसी करेंगे. वे 2025 के राष्ट्रीय खेल 2025 में चोटिल हो गए थे और लंबे समय बाद ट्रैक पर लौट रहे हैं.
मोहम्मद अशफाक भी दौड़ में
केरल के उभरते क्वार्टर-माइलर मोहम्मद अशफाक ने भी प्रतियोगिता के लिए अपनी प्रविष्टि की पुष्टि कर दी है. वे भी एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह पक्की करने के इरादे से उतरेंगे.
यह भी पढ़ें : रांची में ITAT भवन का निर्माण होगा! मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल, मिला सकारात्मक संकेत
बड़ी संख्या में प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
पुरुष 100 मीटर दौड़ में 79 एथलीट हिस्सा लेंगे, जबकि 200 मीटर में 93 धावक पदक के लिए मुकाबला करेंगे. पुरुष 400 मीटर स्पर्धा में 89 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे. वहीं महिला 100 मीटर दौड़ में 37 धाविकाएं हिस्सा लेंगी और पहले दिन देश की सबसे तेज जूनियर महिला धाविका का फैसला होगा.
1059 खिलाड़ी लेंगे भाग
पूरे आयोजन में देशभर से कुल 1059 खिलाड़ियों ने भागीदारी सुनिश्चित की है, जिनमें 709 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं. तीन दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है.
