Ranchi: झारखंड में मौसम अब करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवा भी चल सकती है.
पिछले 24 घंटे का तापमान
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें दर्ज की गईं. सबसे अधिक तापमान डालटोंगंज में 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा. रांची में अधिकतम तापमान करीब 40.8 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है.
Also Read: ड्रोन टेक्नोलॉजी से बदलेगी रांची की तस्वीर, नदियों-तालाबों के पुनर्जीवन की तैयारी
तापमान में गिरावट का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल से अगले 3 से 4 दिनों के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. इस दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. 27 से 30 अप्रैल के बीच भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का असर बना रहेगा.
तेज हवा और ओलावृष्टि की चेतावनी
चेतावनी के तौर पर मौसम विभाग ने कहा है कि 26 और 27 अप्रैल को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. वहीं अन्य दिनों में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
रांची का मौसम पूर्वानुमान
राजधानी रांची में अगले पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और कभी भी बारिश या गरज-चमक हो सकती है. अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री और न्यूनतम 23 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
