Palamu: जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए ‘जन समाधान दिवस’ की शुरुआत करने की घोषणा की है. इसके तहत अब हर बुधवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
मौके पर ही होगा समाधान
उपायुक्त ने बताया कि जो समस्याएं तुरंत हल की जा सकती हैं, उनका निपटारा मौके पर ही कर दिया जाएगा. जिन मामलों में समय लगेगा, उनके लिए तय समय सीमा निर्धारित की जाएगी. वहीं, जिन समस्याओं का समाधान तत्काल संभव नहीं होगा, उनमें संबंधित व्यक्ति को सही दिशा-निर्देश देकर मार्गदर्शन किया जाएगा.
Also Read: कोयला खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा पर हाईकोर्ट गंभीर,मुख्य कारखाना निरीक्षक तलब
सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
इस अभियान के तहत पेयजल, राशन, बिजली, भूमि और पुलिस से जुड़ी शिकायतों का समाधान एक ही स्थान पर किया जाएगा. इसके लिए सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को इधर-उधर भटकना न पड़े.
पुलिस मामलों में भी त्वरित कार्रवाई
पुलिस से संबंधित शिकायतों के लिए पुलिस अधीक्षक के सहयोग से संबंधित थानों को सक्रिय किया जाएगा, जिससे कानूनी और सुरक्षा से जुड़े मामलों का तेजी से समाधान हो सके.
भीषण गर्मी को लेकर भी अपील
उपायुक्त ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से अपने मवेशियों को धूप से बचाने, उन्हें छायादार स्थान पर रखने और संभव हो तो पंखे की व्यवस्था करने की अपील की है. साथ ही आम नागरिकों को भी लू से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
