-विधानसभा चुनाव व उपचुनाव 2026 में 10 करोड़ डाउनलोड, करोड़ों हिट्स के बीच 68 लाख साइबर हमले नाकाम
Ranchi: विधानसभा चुनाव एवं उपचुनाव 2026 के दौरान भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के आईटी प्लेटफॉर्म ECINET ने चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाई. रियल-टाइम मॉनिटरिंग, त्वरित रिपोर्टिंग और मजबूत साइबर सुरक्षा के जरिए इस प्लेटफॉर्म ने पूरे चुनाव प्रबंधन को डिजिटल रूप से सशक्त किया. जनवरी 2026 में आधिकारिक लॉन्च के बाद से ECINET ऐप की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है. अब तक इसे 10 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है, इससे पहले इसका बीटा संस्करण नवंबर 2025 में बिहार चुनावों में इस्तेमाल किया गया था.
यह भी पढ़ें : रांची स्टेशन पर अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार, 4 नाबालिग शामिल
4 मई 2026 को मतगणना के दिन प्रति मिनट औसतन 3 करोड़ हिट्स रिकॉर्ड किए गए
मतदान के दिनों—9, 23 और 29 अप्रैल को प्लेटफॉर्म पर 98.3 करोड़ से ज्यादा हिट्स दर्ज किए गए. वहीं 4 मई 2026 को मतगणना के दिन प्रति मिनट औसतन 3 करोड़ हिट्स रिकॉर्ड किए गए, जो इसकी क्षमता और विश्वसनीयता को दर्शाता है. साइबर सुरक्षा के मोर्चे पर भी ECINET ने प्रभावी प्रदर्शन किया. मतगणना के दिन देश और विदेश से आए 68 लाख से अधिक दुर्भावनापूर्ण हिट्स को सफलतापूर्वक विफल किया गया, जिससे परिणाम पोर्टल समेत महत्वपूर्ण सिस्टम सुरक्षित रहे. सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए इस बार एक नई पहल के तहत QR कोड आधारित फोटो पहचान पत्र प्रणाली लागू की गई. सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पहली बार इस तकनीक का उपयोग हुआ. मतगणना के दिन 3.2 लाख से अधिक QR कोड जारी किए गए, जिससे केवल अधिकृत कर्मियों को ही मतगणना केंद्रों में प्रवेश की अनुमति मिल सकी. कुल मिलाकर, ECINET ने 2026 के चुनावों में तकनीक के जरिए पारदर्शिता, सुरक्षा और दक्षता का नया मानक स्थापित किया है.
यह भी पढ़ें : सरकार की सिंचाई प्रबंधन में बड़े बदलाव की तैयारी, नई नियमावली का प्रारूप जारी, जनता से मांगे सुझाव
