Khunti: जंगलों और पहाड़ियों के बीच से गुजरने वाली चिकोर-हेसाहातु सड़क सोमवार रात अचानक पुलिस सायरन से गूंज उठी. सूचना थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक अवैध अफीम और हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं. सूचना इतनी गंभीर थी कि खुद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में स्पेशल रेडिंग टीम बनाई गई.
वाहन जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी
जैसे ही पुलिस ने चिकोर-हेसाहातु मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की. तभी डोकाड गांव की ओर से तेज रफ्तार बाइक आती दिखाई दी. पुलिस को देखते ही बाइक सवार घबरा गए. तीनों ने बाइक रोककर खेतों की ओर भागने की कोशिश की. लेकिन पुलिस और सशस्त्र बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा.

तलाशी में मिला अफीम और हथियार
तलाशी के दौरान जो बरामद हुआ. उसने पुलिस को भी चौंका दिया. आरोपियों के पास से 426 ग्राम अवैध अफीम. एक 9 एमएम पिस्टल. दो जिंदा गोलियां. एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए. पूछताछ में तीनों ने अफीम खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की है.
आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस ने दी जानकारी
मंगलवार को पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया. एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को खूंटी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवकों के मोबाइल फोन खंगाले जा रहे हैं और कई संदिग्ध संपर्क पुलिस के रडार पर हैं.
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनिश लोहरा उर्फ हांगी. योगेन्द्र साहू उर्फ जोगी और राजेश कुमार महतो उर्फ कल्लू के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इनमें से कुछ आरोपी पहले भी आर्म्स और हत्या जैसे मामलों में जेल जा चुके हैं.
बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कोई सामान्य तस्करी नहीं. बल्कि इलाके में सक्रिय एक बड़े नेटवर्क की कड़ी हो सकती है. पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
बरामद सामान
- 426 ग्राम अवैध अफीम.
- 1 पिस्टल. 9 एमएम.
- 2 जिंदा गोली.
- 1 मोटरसाइकिल.
- 4 मोबाइल फोन.
