Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत बेलविगहा पंचायत के धावाबार आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका सीमा कुमारी पर मईयां सम्मान योजना एवं पेंशन सत्यापन के नाम पर अवैध राशि वसूली करने का आरोप लगा है. इस संबंध में ग्रामीण महिलाओं ने अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद को आवेदन देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सेविका द्वारा मईयां सम्मान योजना के लाभुकों से सत्यापन के नाम पर 100 से 200 रुपये तथा पेंशनधारियों से 100 रुपये तक की राशि ली जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि पैसा नहीं देने पर योजना बंद कराने की धमकी भी दी जा रही है.
पहले भी लग चुके हैं आरोप
ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है, कि संबंधित सेविका पर पूर्व में भी विभिन्न योजनाओं में अनियमितता और अवैध वसूली के आरोप लग चुके हैं. सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में भी लाभ दिलाने के नाम पर राशि लेने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त पलामू एवं बीडीओ हुसैनाबाद को भी भेजी गई है. आवेदन देने वालों में बिंदा देवी, सरिता देवी, रिंकू देवी, प्रमिला देवी, संगीता देवी, वसंती देवी, मुनि देवी, शांति देवी, मीना देवी, नगीना देवी,कविता देवी, रितु देवी, रंजू देवी, सोनू देवी समेत दर्जनों अन्य महिलाएं का नाम शामिल है.

यह भी पढ़ें: लोहरदगा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 17 मई को आयोजित होगा विकास मेला
