Ranchi: राजधानी में मंगलवार को कई पेट्रोल पंपों पर डीजल की कमी देखने को मिली. शहर के अलग-अलग इलाकों में कई जगहों पर डीजल नहीं मिलने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. न्यूज वेब के संवाददाता जब विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचे, तो कई जगहों पर डीजल की कमी महसूस की गई. हालांकि शाम तक जिला प्रशासन की ओर से दावा किया गया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और तेल कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार उपलब्ध है.
जिला प्रशासन ने की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा
राजधानी में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक कर जिले की ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की.

तेल कंपनियों ने कहा- सप्लाई पूरी तरह सामान्य
बैठक में तेल कंपनियों के अधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि रांची में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. नामकुम और पिठोरिया क्षेत्र के कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन कमी की जो चर्चाएं चल रही थीं, उन्हें भ्रामक और अपुष्ट बताया गया.
Also Read: सीआईडी के साइबर सेल में होगी चीफ टेक्निकल ऑफिसर की बहाली, एआई और फोरेंसिक टूल्स से लैस होगी जांच
SDO ने दिए सख्त निर्देश
एसडीओ कुमार रजत ने कंपनियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने लॉजिस्टिक और परिवहन से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने, सभी पेट्रोल पंपों की लगातार मॉनिटरिंग करने और जमाखोरी या अनावश्यक भीड़ जैसी स्थिति पर नजर रखने को कहा.
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम कुमार पांडेय भी मौजूद रहे.
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें, संयम बनाए रखें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन की खरीदारी करें.
