News Wave Desk: जियो प्लेटफार्म ने अपने बहुप्रतीक्षित आईपीओ से पहले बड़ा नेतृत्व बदलाव किया है. कंपनी ने आकाश अंबानी को अगले पांच वर्षों के लिए मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति 9 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. इस फैसले के साथ आकाश अंबानी, अपने भाई-बहनों ईशा अंबानी और अनंत अंबानी में पहले ऐसे सदस्य बन गए हैं जिन्हें समूह की किसी प्रमुख कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स जल्द ही भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है. माना जा रहा है कि कंपनी का यह नेतृत्व पुनर्गठन आगामी आईपीओ की रणनीति का अहम हिस्सा है. कंपनी द्वारा 7 मई को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में जमा दस्तावेजों में कहा गया कि सदस्यों की मंजूरी के बाद आकाश एम. अंबानी को कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है. उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 से शुरू होकर पांच वर्षों तक रहेगा. उनकी सैलरी और अन्य शर्तें नॉमिनेशन एंड रेम्युनरेशन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर तय की जाएंगी. यह फैसला कंपनी के बोर्ड ने 9 अप्रैल की बैठक में ही ले लिया था.
कौन हैं आकाश अंबानी
आकाश अंबानी, मुकेश अंबानी के सबसे बड़े बेटे हैं. उन्होंने अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में पढ़ाई की है. वर्ष 2014 में पढ़ाई पूरी करने के बाद वह रिलायंस समूह की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम से नॉन-एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में जुड़े थे. बाद में जून 2022 में उन्हें रिलायंस जियो इन्फोकॉम का चेयरमैन बनाया गया था.

जिया मोदी भी बोर्ड में शामिल
कंपनी ने वरिष्ठ कॉर्पोरेट वकील और एज़ेडबी एंड पार्टनर्स की को-फाउंडर Zia J. Mody को भी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है. उनका कार्यकाल भी पांच वर्षों का होगा. यह नियुक्ति 21 अप्रैल 2026 को की गई. जिया मोदी के जुड़ने के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड में कुल 10 सदस्य हो गए हैं. बोर्ड में मुकेश अंबानी, आकाश अंबानी, ईशा अंबानी, अनंत अंबानी, दिनेश कनाबार, मनोज मोदी, रामिंदर गुजराल, हैग्रीव खैतान और शुमीत बनर्जी जैसे नाम शामिल हैं.
52 करोड़ से ज्यादा ग्राहक
रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है और जियो प्लेटफॉर्म्स के कारोबार का मुख्य आधार भी. मार्च 2026 के अंत तक कंपनी के कुल ग्राहकों की संख्या 52.44 करोड़ तक पहुंच चुकी थी.
Read Also: तलाक की अफवाहों के बीच चर्चा में मौनी रॉय की शादी, जानिए कौन हैं उनके पति सूरज नांबियार?
भारत का सबसे बड़ा IPO हो सकता है
विशेषज्ञों का मानना है कि जियो प्लेटफॉर्म्स का आने वाला आईपीओ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा निजी कंपनी आईपीओ साबित हो सकता है. मॉर्गन स्टैनले और सिटी रिसर्च के विश्लेषकों ने कंपनी का वैल्युएशन करीब 133 अरब डॉलर आंका है.
लंबे समय से चल रही तैयारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने हाल ही में चौथी तिमाही के नतीजों के दौरान कहा था कि कंपनी लगातार जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ रही है और यह कंपनी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी. जियो के आईपीओ की तैयारी पिछले साल से ही शुरू हो चुकी थी. रिलायंस इंडस्ट्रीज की वार्षिक आम बैठक (AGM) में भी मुकेश अंबानी ने संकेत दिए थे कि कंपनी 2026 की पहली छमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने का लक्ष्य लेकर चल रही है.
