Naws Wave Desk : टीवी से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुकी मौनी रॉय एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल, सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने नोटिस किया कि मौनी रॉय ने अपने पति सूरज नांबियार को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है. बस फिर क्या था, देखते ही देखते दोनों के रिश्ते में दरार और तलाक की अफवाहों ने जोर पकड़ लिया.
मौनी रॉय और सूरज नांबियार सुर्खियों में

इन खबरों पर अब तक ना मौनी ने कोई प्रतिक्रिया दी है और ना ही सूरज नांबियार ने चुप्पी तोड़ी है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस लगातार दोनों के रिश्ते को लेकर अंदाज़ा लगा रहे हैं. कुछ लोग इसे सिर्फ सोशल मीडिया की हलचल बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा, इन अफवाहों को और हवा तब मिली जब खबरें सामने आईं कि अभिनेत्री दिशा पाटनी ने भी सूरज नांबियार को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है, हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि दिशा पहले सूरज को फॉलो करती भी थीं या नहीं, इसी बीच लोगों ने यह भी नोटिस किया कि मौनी ने लंबे समय से सूरज के साथ कोई नई तस्वीर शेयर नहीं की है. उन्होंने अपनी शादी की तस्वीरें और पुराने पोस्ट अब तक डिलीट नहीं किए हैं. यही वजह है कि फैंस कन्फ्यूज हैं कि आखिर दोनों के रिश्ते में चल क्या रहा है.
कौन हैं सूरज नांबियार?
सूरज नांबियार हमेशा ग्लैमर और कैमरों की दुनिया से दूर रहे हैं, वह बेंगलुरु के रहने वाले हैं और दुबई में बिजनेसमैन व इन्वेस्टमेंट बैंकर के तौर पर काम कर चुके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से फाइनेंशियल और मैनेजेरियल अकाउंटिंग की पढ़ाई की. जिसके बाद वह अपने पिता के बिजनेस से जुड़ गए और खुद की पहचान बनाई. शादी के बाद मौनी और सूरज ने सिर्फ अपनी निजी जिंदगी ही नहीं, बल्कि बिजनेस में भी साझेदारी शुरू की. साल 2022 में दोनों ने मिलकर ‘अल्टीमेट गुरुस’ नाम का ग्लोबल एड-टेक प्लेटफॉर्म लॉन्च किया. इसके बाद 2023 में उन्होंने मुंबई में ‘एक हाई-एंड रेस्टोरेंट शुरू किया, जो बॉलीवुड सेलेब्स के बीच काफी चर्चा में रहा.
ऐसे शुरू हुई थी दोनों की लव स्टोरी
मौनी रॉय ने अपने रिश्ते को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की पहली मुलाकात साल 2019 में दुबई में न्यू ईयर पार्टी के दौरान कॉमन फ्रेंड्स के जरिए हुई थी. पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब दो साल तक डेट करने के बाद मौनी ने सूरज को अपने परिवार से मिलवाया. बताया जाता है कि परिवार से मुलाकात अभिनेत्री मंदिरा बेदी के घर पर हुई थी. इसके बाद जनवरी 2022 में दोनों ने गोवा में बेहद निजी समारोह में शादी कर ली. उनकी शादी बंगाली और मलयाली दोनों रीति-रिवाजों से हुई थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं.
वर्कफ्रंट पर बिजी हैं मौनी
पर्सनल लाइफ को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मौनी रॉय अपने काम में लगातार व्यस्त हैं, वह जल्द ही डेविड धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े दिखाई देंगे. इसके अलावा वह ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2’ में भी वापसी कर रही हैं, वहीं मधुर भंडारकर की फिल्म ‘द वाइव्स’ में भी मौनी लीड रोल निभा रही हैं, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है.
Also Read : तेलोडीह पंचायत में बनेगी पक्की सड़क, ग्रामीणों में खुशी की लहर
