Hazaribagh: भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से निपटने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन की “नीर वीर” व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा गेम-चेंजर साबित हो रही है. जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से संचालित इस तकनीक के माध्यम से अब तक सैकड़ों खराब पड़े चापानलों को चालू किया जा चुका है.
सफलता के आंकड़े: 1400 से अधिक चापानल हुए चालू
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल माह से अब तक जिले में कुल 1404 चापानलों की मरम्मत की जा चुकी है. विशेष बात यह है कि इनमें से 315 चापानलों की मरम्मत सीधे तौर पर “नीर वीर” व्हाट्सएप चैटबॉट पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई है. यह तकनीक न केवल समय बचा रही है, बल्कि आम नागरिकों को स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने में भी प्रभावी भूमिका निभा रही है.

कैसे करें शिकायत? प्रशासन ने दी जानकारी
प्रशासन ने प्रशिक्षित तकनीकी टीमों को तैनात किया है जो शिकायत प्राप्त होते ही मौके पर पहुँचकर मरम्मत कार्य पूरा करती हैं. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई चापानल खराब है, तो वे घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
व्हाट्सएप नंबर: 8757864361 पर समस्या की जानकारी भेजें.
कॉल सपोर्ट: किसी भी सहायता के लिए 8076635024 पर संपर्क करें.
ALSO READ: 46 झारखंड बटालियन एनसीसी में ग्रुप कमांडर का आगमन: संवाद, मार्गदर्शन और राष्ट्र निर्माण का संकल्प
त्वरित समाधान की ओर प्रशासन के कदम
“नीर वीर” पहल का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करना है ताकि ग्रामीणों को पानी के लिए दूर न जाना पड़े. प्रशासन की इस डिजिटल सक्रियता से जिले के सुदूर इलाकों में भी पेयजल की उपलब्धता बेहतर हुई है.
