Palamu : चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में बीते 23 तारीख को हुए जमीन विवाद और गोलीकांड मामले पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ब्रह्मदेव सिंह और गोलू सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से वारदात से जुड़े खोखा भी बरामद किए हैं.
इस संबंध में पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया. एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि रामपुर में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी. इस खूनी संघर्ष में गोली लगने से सत्येंद्र चौधरी नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे.

प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने की कारवाई
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में आगे जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना के संदर्भ में कुल 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने कड़े लहजे में कहा कि वारदात में शामिल बाकी आरोपियों को भी बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द ही बाकी बचें सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा.
ALSO READ : अवैध खनन मामले में प्रशासन ने, ड्रोन के साथ कराई सीमा की मापी
