Dhanbad: रेलवे सुरक्षा और चौकसी के मद्देनजर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. रेल धनबाद के अंतर्गत रेल पीपी चितरंजन रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से भारी मात्रा में लावारिस नकदी बरामद की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल 39.99 लाख रुपये के असली नोट जब्त किए गए हैं.

जाने कैसे हुई बरामदगी
29 मई को दोपहर 02:15 बजे, चितरंजन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 03 पर गाड़ी संख्या 13019 (बाघ एक्सप्रेस) आकर रुकी थी. इसी दौरान रेल पीपी चितरंजन को ट्रेन के भीतर कुछ संदिग्ध सामान होने की गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर जब त्वरित कार्रवाई करते हुए कोच संख्या B/3 की तलाशी ली गई, तो बर्थ संख्या 06 पर दो काले रंग के प्लास्टिक के बंडल लावारिस हालत में पाए गए.

ALSO READ: रांची: साइबर गैंग के पांच अपराधी गिरफ्तार, 50 पासबुक और 26 डेबिट कार्ड बरामद

500 के नोटों की थी गड्डियां
जब पुलिस सुरक्षाकर्मियों ने संदेह के आधार पर उन दोनों काले प्लास्टिक के बंडलों को खोला, तो वे दंग रह गए. बंडलों के भीतर भारी मात्रा में कैश भरा हुआ था. गिनती करने पर उसमें 500 रुपये के कुल 7,999 असली नोट पाए गए. कुल बरामद रकम 39.99 लाख रुपये आंकी गई है. इस मामले में इनकम टैक्स विभाग को जानकारी दे दी गई है.
बरामद राशि की बैंक पदाधिकारी, रेलवे विभाग के पदाधिकारी एवं आरपीएफ कर्मियों के समक्ष गिनती कर उसकी वीडियो ग्राफी भी कराई गई. फिलहाल, उपरोक्त राशि को ट्रेजरी में जमा कराकर तीन दिनों के बाद आयकर विभाग को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.
