Jamtada: मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के कुर्मी पाड़ा (पाइपलाइन हनुमान मंदिर इलाका) में शनिवार दोपहर बाद उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब घरेलू गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रहे ठेकेदार को स्थानीय लोगों ने रोक लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि सैकड़ों उपभोक्ताओं से राशि लेने के बावजूद ठेकेदार काम अधूरा छोड़कर जाने की तैयारी कर रहा था.
अधूरे कार्य कर भागने की तैयारी का आरोप
जानकारी के अनुसार, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा क्षेत्र में घर-घर एलपीजी गैस पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का कार्य चल रहा है. इसके लिए प्रत्येक उपभोक्ता से 354 रुपये की राशि ली गई है. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के करीब 180 घरों से कनेक्शन के नाम पर राशि वसूल की गई, लेकिन अब तक केवल 120 घरों में ही कनेक्शन दिया गया है. शेष लगभग 60 परिवार अब भी कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब उन्होंने अधूरे कार्य के बीच ठेकेदार के सामान को ट्रक पर लादकर ले जाते देखा, तो उन्होंने इसका विरोध किया और काम पूरा करने अथवा राशि वापस करने की मांग की.
हंगामे की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के एएसआई सोनेलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. इसके बाद पुलिस ठेकेदार के प्रतिनिधियों और शिकायतकर्ता ग्रामीणों को थाने ले गई. समाचार लिखे जाने तक थाने में दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा कागजातों और भुगतान संबंधी रसीदों का सत्यापन किया जा रहा है.
AlsoRead:बोकारो के निजी अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


