Ranchi: जिले के धुर्वा थाना क्षेत्र से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक तेज रफ्तार टैंकर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. चश्मदीदों के मुताबिक, टैंकर की रफ्तार काफी तेज थी. मोड़ के पास अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और भारी-भरकम टैंकर सड़क पर ही पलट गया.

गंभीर घायल का अस्पताल में इलाज जारी
इस दौरान वहां से गुजर रहे दो लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं, घटना में घायल दूसरे व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाने का काम किया जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जा सके.
Also Read: झारखंड पुलिस: एक ही ट्रेनिंग, दो नियम; दारोगा बने योग्य तो एएसआई की प्रोन्नति पर क्यों लगी रोक?
