अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक में बड़ा फैसला, धीरज प्रसाद साहू बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

Lohardaga: लोहरदगा जिले में अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक में देश के...

Lohardaga: लोहरदगा जिले में अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों, डेलीगेट्स एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया. इस दौरान सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू को अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया. उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

सर्वसम्मति से हुआ चुनाव

बैठक के दौरान श्रमिक हितों, संगठन के विस्तार, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा तथा देशभर में इंटक को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई. नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने संगठन की मजबूती एवं मजदूरों की समस्याओं को लेकर अपने विचार साझा किए.

मजदूर हितों पर हुई व्यापक चर्चा

बैठक में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं डेलीगेट मौजूद रहे. इनमें इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री एन जी अरुण, मध्यप्रदेश से राजेश सिन्हा, महाराष्ट्र से पुरुषोत्तम शर्मा, महाराष्ट्र की राप्पली विजय लक्ष्मी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंटक, तमिलनाडु से एन सारथी, पश्चिम बंगाल से दिलीप चौधरी सचिव इंटक बंगाल, बिहार से रामप्रवेश सिंह महासचिव इंटक, प्रदीप कुमार सिन्हा, ओम प्रकाश प्रजापति, एरिया प्रेसीडेंट, सुरेंद्र पांडेय राष्ट्रीय सचिव, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू, आर पी सिंह, बच्चन पांडेय, सत्यनारायण सिंह प्रदेश महामंत्री, अशोक कुमार चौधरी, मुन्ना कुमार यादव, प्रेम पांडेय, कुमार ज्ञानचंद, इकरेनी उदय कुमार, नंदकिशोर यादव, श्रीनिवास रेड्डी, रामनाथ चौधरी, काली चरण यादव, भोला रजक, राजकिशोर सिंह, विकेश कुमार सिंह एवं ऋषिकेश मिश्रा सहित कई प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही.

धीरज प्रसाद साहू ने क्या कहा

नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि इंटक मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी मजदूर हित सर्वोपरि रहेगा. उन्होंने कहा कि संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने श्रमिकों के शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने की बात कही. साथ ही उन्होंने कहा कि इंटक मजदूरों के हित में हर स्तर पर लड़ाई लड़ने का काम करेगा और संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा.

Read Also: पलामू : राहुल सिंह गैंग के चार अपराधी गिरफ्तार, गोलीबारी की बना रहे थे योजना

प्रदीप बलमुचू ने जताया भरोसा

इंटक के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू ने अपने संबोधन में कहा कि धीरज प्रसाद साहू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना संगठन के लिए गौरव की बात है. उनके नेतृत्व में इंटक को नई दिशा और मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड समेत पूरे देश में मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा और श्रमिक वर्ग को उनका हक दिलाने के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की.

एन जी अरुण ने संगठन की एकजुटता पर दिया जोर

इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री एन जी अरुण ने कहा कि संगठन का उद्देश्य मजदूरों के हितों की रक्षा करना है और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि देशभर से आए प्रतिनिधियों की सहभागिता यह दर्शाती है कि इंटक आज भी श्रमिकों की सबसे मजबूत आवाज है. उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी राज्यों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा ताकि मजदूर वर्ग की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके.

कई राज्यों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक के समापन अवसर पर सभी प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने, मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने तथा श्रमिक हितों के लिए संघर्ष को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया. कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णयों को इंटक के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *