Chatra: जिले के प्रतापपुर वन क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध केंदू पत्ता कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को 16 बोरा केंदू पत्ता के साथ जब्त किया है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अवैध कारोबारियों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है.


गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि आसनाही गांव में अवैध रूप से केंदू पत्ता की खरीद-बिक्री और ढुलाई की जा रही है. सूचना के आधार पर वनरक्षी संजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की. मौके पर एक पिकअप वाहन में केंदू पत्ता लोड किया जा रहा था.
वन विभाग को देख चालक हुआ फरार
कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम को देखकर वाहन चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया. टीम ने वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लदे 16 बोरा अवैध केंदू पत्ता को जब्त कर लिया. जब्त वाहन और केंदू पत्ता को वन कार्यालय लाया गया है.
बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
जानकारी के अनुसार प्रतापपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में बिना वैध लाइसेंस या एनओसी के केंदू पत्ता की खरीद-बिक्री का कारोबार लंबे समय से चल रहा है. आरोप है कि कुछ फर्जी ठेकेदार ग्रामीणों से कम कीमत पर केंदू पत्ता खरीदकर झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में उसे सुखाते हैं और बाद में बिहार के ठेकेदारों को ऊंचे दाम पर बेच देते हैं.
ALSO RAED : रांची : सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों में लगी आग, कोई हताहत नहीं
जांच में सामने आए कई नाम
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जब्त की गई नई पिकअप गाड़ी हरहद गांव निवासी सुरेश यादव की है. वहीं इस कथित तस्करी में सलखुआ निवासी भूपेंद्र सिंह का नाम भी सामने आया है. वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है.
अवैध कारोबारियों को चेतावनी
वनरक्षी संजय कुमार ने कहा कि वन विभाग की नजर अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध केंदू पत्ता कारोबार में संलिप्त लोग सावधान हो जाएं, क्योंकि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है.
ALSO RAED : गोपनीय दस्तावेज लीक मामला : सरयू राय को जबाव दाखिल करने का निर्देश
