Ranchi: आयकर कर्मचारी महासंघ, रांची का चुनाव शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. चुनाव में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किए. मनोज कुमार शुक्ला को अध्यक्ष चुना गया. आभाष नाथ सचिव जबकि बबलू रजक कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए. तीनों पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को भारी मतों से पराजित कर जीत हासिल की. इसके अतिरिक्त डेलीगेट पद के लिए अरविंद कुमार प्रसाद, राकेश सिंह, रवि कुमार, मनीष रंजन, आनंद कुमार, मिथिलेश कुमार सुमन और रजनीश कुमार निर्वाचित हुए. इस प्रकार कर्मचारियों ने सशक्त एवं अनुभवी टीम पर अपना विश्वास व्यक्त किया.

यह भी पढ़ें: बोकारो:आदिवासी जमीन की हो रही लूट पर संज्ञान लेगी राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग
कर्मचारियों के अधिकारों की होगी रक्षा: मनोज शुक्ला
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय व्यक्तिगत नहीं, बल्कि कर्मचारी एकता, विश्वास एवं संगठन की विजय है. उन्होंने कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान एवं कल्याण की रक्षा के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया. वहीं नवनिर्वाचित सचिव आभाष नाथ ने कर्मचारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन सदैव कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखेगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान एवं कल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा. मुख्य चुनाव अधिकारी सुजीत सिंह, संजय कुमार गुप्ता, अमन आनंद, चिंटू कुमार एवं अंतोष कुमार की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई. सभी प्रत्याशियों एवं कर्मचारियों ने चुनाव की गरिमा बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. आयकर कर्मचारी महासंघ, रांची के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के विश्वास पर खरा उतरने की बात कही. संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया.
