Ranchi: रांची के हिन्दपीढ़ी थाना इलाके में एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से पहले ही एक मंगेतर अपनी होने वाली पत्नी के लिए ‘रंगदारीबाज’ बन गया. हजारीबाग के रहने वाले मंगेतर ने रांची की अपनी मंगेतर से फोन पर 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है और पैसे न देने पर जान से मारने तथा तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की खौफनाक धमकी दी है. इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित युवती ने हिम्मत दिखाई और सीधे थाने पहुंचकर आरोपी मंगेतर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

यह भी पढ़ें: चाईबासा: रेलमंत्री से रेलवे जीएम की शिकायत, भाजपा नेता अशोक षाड़ंगी ने कहा- ‘जीएम के चक्रधरपुर दौरे की हो जांच’
मुझे पैसों की जरूरत है, मायके से 1 लाख मांग कर दो
हिन्दपीढ़ी थाने को दिए आवेदन में 18 वर्षीय पीड़िता अम्बिया मुमताज ने बताया कि वर्ष 2025 में उसकी शादी हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र हबीबी नगर/गली, खनका के पास के रहने वाले मो. मोजाहीर अंसारी के साथ तय हुई थी. शादी तय होने के बाद मोजाहीर अंसारी एक-दो बार रांची आकर अम्बिया से मिला भी था. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन विगत एक-दो महीने पहले अचानक मंगेतर का रंग बदल गया. मोजाहीर ने अपने मोबाइल नंबर से अम्बिया के मोबाइल नंबर पर कॉल किया और सीधे पैसों की डिमांड रख दी. उसने कहा, “मुझे पैसों की सख्त जरूरत है और मैं चाहता हूँ कि तुम अपने परिवार (मायके) से मांग कर मुझे एक लाख रुपये दो.
फोटो वायरल कर दूंगा और जान से मरवा दूंगा
अम्बिया ने जब इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई और कहा कि “हम लोग मिडिल क्लास परिवार से हैं, अचानक इतना पैसा कहां से लाएंगे?” तो मंगेतर मोजाहीर अंसारी सीधे तौर पर आपराधिक रंगदारीबाज की भाषा पर उतर आया. उसने फोन पर चीखते हुए अम्बिया को धमकी दी कि “अगर तुमने पैसे नहीं दिए, तो मेरे पास जो तुम्हारी तस्वीरें हैं, उन्हें इंटरनेट और सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम कर दूंगा और अगर फिर भी बात नहीं बनी, तो तुम्हें जान से मरवा दूंगा.
यह भी पढ़ें: झारखंड में उद्योग और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार, कारीगरों के हुनर को अब मिलेगा बाजार : हेमंत सोरेन
घबराई मंगेतर पहुंची थाना, पुलिस ने शुरू की जांच
मंगेतर के मुंह से जान से मारने और फोटो वायरल करने की बात सुनकर 18 साल की अम्बिया बुरी तरह घबरा गई. उसने बिना देर किए अपने माता-पिता को इस पूरी आपबीती और ब्लैकमेलिंग की जानकारी दी. परिवार के समझाने और विरोध करने के बाद भी मोजाहीर अंसारी की ओर से बार-बार कॉल करके पैसे की मांग और धमकियां दी जाती रहीं. हिन्दपीढ़ी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
