Ranchi: झारखंड में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले तीन दिनों में पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके साथ ही, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों और सिक्किम में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिससे अगले 4 से 5 दिनों में इसके झारखंड और ओडिशा की तरफ आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल बन रही हैं.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में साधु के भेष में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: तीन आरोपी गिरफ्तार

पिछले 24 घंटों का हालः डाल्टनगंज सबसे गर्म, दुमका में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा बारिश दुमका के महारो में 12.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) में 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं जमशेदपुर: 41.3 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 40.8 डिग्री सेल्सियस, रांची में 37.2 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 37.1 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
9 से 13 जून तक वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी जारी की है. 9 जून को रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला और खूंटी सहित दक्षिणी व मध्य भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 10 जून को उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर शेष झारखंड में मौसम खराब रहने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. 11 जून को रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा और हजारीबाग में हवाओं की रफ्तार बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. 12 और 13 जून को भी पूरे राज्य में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: होटवार जेल कांड : बाबूलाल मरांडी ने कहा – हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से इस पूरे काले तंत्र का पर्दाफाश होगा
राजधानी रांची का साप्ताहिक पूर्वानुमान
रांची और इसके आसपास के इलाकों में अगले एक हफ्ते तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हर दिन मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है. 9 और 10 जून को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. 11 और 13 जून को तापमान में गिरावट आएगी. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक आने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. 14 और 15 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है.
