Ranchi: झारखंड में मानसून के कदम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून झारखंड के बचे हुए हिस्सों को पूरी तरह कवर कर लेगा. फिलहाल राज्य में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है और कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. हालांकि, अगले तीन दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके साथ ही आंधी-तूफान और वज्रपात (बिजली गिरने) की चेतावनी भी जारी की गई है.
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में मेदिनीनगर के पांच लोगों की मौत से शोक की लहर
पिछले 24 घंटों का मौसम का हाल
बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मौसम ने करवट बदली. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है. सबसे ज्यादा बारिश कोडरमा के तिलैया में सर्वाधिक 46.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. डालटनगंज (मेदिनीनगर) में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. रांची के कांके में सबसे कम 21.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान और चेतावनी
• मौसम विभाग ने 14 जून से 20 जून तक पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी किया है. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिसके बाद तापमान स्थिर रहेगा.
• बारिश की संभावना: 14 से 20 जून के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी. 17 जून को उत्तर-पश्चिमी भाग (जैसे पलामू प्रमंडल) को छोड़कर बाकी सभी जिलों में बारिश की उम्मीद है.
• तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट: पूरे हफ्ते राज्य में कहीं-कहीं पर मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की चेतावनी दी गई है.
यह भी पढ़ें: CO ने अवैध बालू लदा हाइवा किया जब्त, NGT के प्रतिबंध के बावजूद जारी है बालू तस्करी
राजधानी रांची का साप्ताहिक मिजाज
रांची और इसके आसपास के इलाकों में अगले एक हफ्ते तक मौसम सुहावना बना रहेगा. 14 से 20 जून तक रोजाना आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है. इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
• डालटनगंज: 41.2 डिग्री सेल्सियस
• सराइकेला: 39.0 डिग्री सेल्सियस
• जमशेदपुर और चाईबासा: 38.0 डिग्री सेल्सियस
• पाकुड़: 35.6 डिग्री सेल्सियस
• लोहरदगा: 34.8 डिग्री सेल्सियस
• रांची और कांके: 33.4 डिग्री सेल्सियस
• लातेहार: 31.2 डिग्री सेल्सियस
• बोकारो थर्मल: 31.1 डिग्री सेल्सियस


