Simdega : जिले के पाकरटांड़ प्रखंड स्थित नानेसेरा मिशन चौक में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया. इस अवसर पर महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा भी मौजूद रहीं. विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि दो बूंद जिंदगी की केवल एक नारा नहीं, बल्कि हर बच्चे के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है.
पोलियो मुक्त समाज के संकल्प के साथ शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रह जाए. महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहिया दीदियों और आम लोगों की अहम भूमिका है. उन्होंने लोगों से अभियान के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास के सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दवा दिलाने की अपील की. कार्यक्रम में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अजीत लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, प्रतिमा कुजूर, उर्मिला केरकेट्टा, सहिया दीदियां तथा स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि अभियान के दौरान जिले में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके.

Also Read : झारखंड में हत्या, दंगा समेत अन्य अपराधिक मामले में आई कमी, 81773 अभियुक्त हुए गिरफ्तार, 200619 केस हुए दर्ज


