jamtara : जिला के मिहिजाम थाना क्षेत्र में बीती रात एक फुटपाथ दुकान में भीषण आग लगी. घटना चित्तरंजन स्टेशन रोड पर गुरुद्वारा गेट के सामने की है. जहां रात 2 बजे फुटपाथ की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. आग लगने से दुकान में रखा पूरा सामान देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया. जानकारी के अनुसार, दुकान चंदू साव की थी. घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. इसके बाद चित्तरंजन और जामताड़ा से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था.
जानबूझकर आग लगाने का आरोप
पीड़ित दुकानदार चंदू साव ने आरोप लगाया कि किसी ने शराब के नशे में उनकी दुकान में जानबूझकर आग लगा दी. उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. चंदू साव ने कहा कि उनके परिवार का जीविकोपार्जन पूरी तरह इसी दुकान पर निर्भर था और आग लगने से उनका एकमात्र रोजगार खत्म हो गया है. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है.

आग पर काबू पाया
वहीं, मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया. जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दी गई. पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है.


