Click Here
Click Here
Click Here

SIR ड्यूटी के दौरान महिला BLO से मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन 

Giridih: राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य जारी है. इस अभियान...

महिला BLO

Giridih: राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य जारी है. इस अभियान में लगे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य कर रहे हैं. इसी बीच गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 में सरकारी कार्य के दौरान एक महिला BLO के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है.

महिला BLO ने तीन लोगों पर लगाए गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, महिला BLO रूबी प्रवीण गुरुवार को वार्ड संख्या-25 में SIR के तहत मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य कर रही थीं. आरोप है कि इसी दौरान मोहम्मद फैयाज, मोहम्मद अज़ाज़ और मोहम्मद इजाज़ ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली. आरोप यह भी है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया.

कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे दर्जनों BLO 

घटना के विरोध में शुक्रवार को दर्जनों BLO गिरिडीह नगर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. BLO का कहना है कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सरकारी दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन कार्य के दौरान उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
Read Also: JPSC मेन्स परीक्षा के लिए आज से आवेदन शुरू, 2204 अभ्यर्थी देंगे 18 जुलाई से परीक्षा

सुरक्षा को लेकर BLO में बढ़ी चिंता 

BLO ने कहा कि SIR अभियान के तहत घर-घर जाकर सत्यापन और मैपिंग करने के दौरान कई स्थानों पर लोगों का सहयोग नहीं मिल रहा है. गुरुवार की घटना के बाद उनमें भय का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. उनका कहना है कि यदि इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो निष्पक्ष और सुचारु रूप से कार्य करना कठिन हो जाएगा.

प्रशासन से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग

सभी BLO ने प्रशासन से मांग की है कि SIR कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बिना किसी भय के अपना दायित्व निभा सकें. साथ ही महिला BLO के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. फिलहाल नगर थाना पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *