Hazaribagh : अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर शुभलक्ष्मी शर्मा को खेल जगत में उनके उत्कृष्ट, दीर्घकालिक और प्रेरणादायी योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. यह सम्मान यूथ एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से आयोजित एक सम्मान समारोह में प्रदान किया गया. समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ औररांची के विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से शुभलक्ष्मी शर्मा को सम्मानित किया. इस अवसर पर खेल, सामाजिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.
वर्षों की मेहनत और समर्पण को मिला सम्मान
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड शुभलक्ष्मी शर्मा के लंबे खेल जीवन, अनुशासन, संघर्ष और क्रिकेट के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की पहचान है. उन्होंने अपने प्रदर्शन से न सिर्फ हजारीबाग बल्कि पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है. उनका खेल जीवन युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जाता है. खेल प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी.

शुभकामनाओं का सिलसिला
सम्मान प्राप्त करने के बाद शुभलक्ष्मी शर्मा को विभिन्न जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और शुभचिंतकों ने बधाई दी. लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी खेल और समाज के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी. यह सम्मान न सिर्फ शुभलक्ष्मी शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि झारखंड की खेल प्रतिभाओं के सम्मान और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है.
ALSO READ : भारत में जापान निवेश करेगा एक लाख करोड़ रूपये, अलग अलग सेक्टरों में साझेदारी की बनी सहमति


