Chaibasa: मेघाहातुबुरु में केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अलग स्कूल बस सेवा बंद किए जाने पर शनिवार को अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया. मुर्गापाड़ा में स्कूल बस को करीब 15 मिनट तक रोककर उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर अपनी नाराजगी जताई. हालांकि, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए बाद में बस को स्कूल के लिए रवाना कर दिया गया. अभिभावकों का आरोप है कि न्यू कैंप क्षेत्र की अलग बस सेवा बंद होने से अब 30 से 40 बच्चों को पहले से ही भीड़भाड़ वाली बस में सफर करना पड़ रहा है. इससे धक्का-मुक्की, चोट लगने और कई बच्चों के स्कूल नहीं पहुंच पाने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं. बरसात के मौसम में कुछ बच्चों को पैदल स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
AlsoRead:NTPC के CMD पद के लिए देश के 18 दिग्गजों के साथ झारखंड कैडर के IAS डॉ. कुलकर्णी भी रेस में



