Hazaribagh: जिले के कटकमदाग अंचल में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार पासवान ने सख्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. सलगा और बनादाग में हुई इस कार्रवाई के बाद भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है.
सलगा में अवैध चारदीवारी पर चला बुलडोजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सलगा स्थित खाता संख्या-1, प्लॉट संख्या-263, कुल रकबा 18 एकड़ 50 डिसमिल गैरमजरूआ खास (जंगल किस्म) की सरकारी भूमि, जिस पर एक तालाब भी निर्मित है, को कुछ लोगों द्वारा चारदीवारी कर अवैध रूप से घेर लिया गया था. स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया. मामले की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध चारदीवारी ध्वस्त कर दी और पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया.

बनादाग में भी कब्जे की कोशिश नाकाम
इसी क्रम में बनादाग स्थित खाता संख्या-70, प्लॉट संख्या-3211 की लगभग चार डेसिमल केसर-ए-हिंद भूमि पर भी अतिक्रमण का प्रयास किया गया था. आरोप है कि कब्जा करने की नीयत से नाली बनाकर पिलर गाड़ दिए गए थे. सूचना मिलते ही अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया.
अवैध कब्जे पर होगी सख्त कार्रवाई
अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार पासवान ने स्पष्ट कहा कि कटकमदाग अंचल क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जहां भी अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को मुक्त कराया जाएगा. साथ ही दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी.
प्रशासन की कार्रवाई से स्पष्ट संदेश
लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से यह संदेश गया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन अब पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है. प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की सूचना तत्काल अंचल कार्यालय को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
AlsoRead:रांची: राज हॉस्पिटल की मनमानी पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त, उच्चस्तरीय जांच के दिए आदेश


