Saraikela: DC नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से जुड़े आवेदन DC को सौंपे.
फरियादियों की समस्याएं सुनीं, कई मामलों का मौके पर समाधान
जनता दरबार में DC ने सभी फरियादियों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना. कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया, जबकि विभागीय कार्रवाई वाले मामलों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए.
कई मुद्दों से जुड़े आवेदन पहुंचे
जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की सुविधा, राइट टू एजुकेशन (RTE) के तहत BPL कोटा से आदित्यपुर के निजी विद्यालय में एलकेजी में नामांकन, रैयती भूमि पर अतिक्रमण और अवैध घेराबंदी, गम्हरिया प्रखंड के चौड़ा पंचायत में वंशावली निर्गत करने में ग्राम प्रधान की स्वीकृति नहीं मिलने, भूमि विवाद समेत विभिन्न विभागों और जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए.
ALSO READ: नगर परिषद में मनाया गया ‘नमस्ते दिवस’, सफाई कर्मियों को वितरित की गई PPE किट
समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
DC नितिश कुमार सिंह ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच है. इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा गंभीर मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें.
