Gumla: शहर के ब्रह्माकुमारीज संस्थान के शिव दर्शन भवन, घाटो बगीचा, गुमला द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली एवं जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्वी जोन, कोलकाता की जोन इंचार्ज राजयोगिनी मुन्नी दीदी, राजयोगिनी चंद्रा बहन एवं बीके अंजना बहन की गरिमामयी उपस्थिति रही. कार्यक्रम में नगर परिषद गुमला की अध्यक्षा आदरणीया शकुंतला उरांव भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं.
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया. इसके पश्चात शहर के प्रमुख मार्गों से नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया.
राजयोग से नशे पर विजय का संदेश
अपने आशीर्वचनों में राजयोगिनी मुन्नी दीदी ने कहा कि नशा मनुष्य की चेतना, स्वास्थ्य और पारिवारिक सुख-शांति को नष्ट कर देता है. राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से व्यक्ति आत्मिक शक्तियों को जागृत कर किसी भी प्रकार की नशे की प्रवृत्ति पर विजय प्राप्त कर सकता है.
युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ने पर जोर
राजयोगिनी चंद्रा बहन ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिकता से जोड़ना समय की आवश्यकता है.
समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान
वहीं राजयोगिनी शांति दीदी ने सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु स्वयं संकल्पित होकर दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि आज समाज को कहीं न कहीं नशापान से बचने की आवश्यकता है, क्योंकि जिस तरह से हमारी युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है, उससे निश्चित रूप से हमारा आने वाला भविष्य प्रभावित हो सकता है. उन्होंने कहा कि हमारी संस्था के माध्यम से लगातार इस मामले को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाता है. लोगों के बीच जाकर उन्हें अपने बच्चों को नशापान से दूर रखने के लिए प्रेरित किया जाता है. हमारा उद्देश्य समाज को पूरी तरह से नशा सेवन से मुक्त करना है, ताकि हमारा समाज सुंदर और ऊर्जावान बन सके.
रैली का लोगों ने किया स्वागत
इस दौरान निकाली गई रैली को शहर के कई लोगों ने सम्मान दिया. कई स्थानों पर रैली में शामिल लोगों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया. जब रैली शहर में भ्रमण कर रही थी, तब लोग कहीं न कहीं इस बात का संकल्प ले रहे थे कि हमें भी अपने बच्चों को नशापान से बचाना है.
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने की सराहना
संस्थान द्वारा निकाली गई रैली को लेकर गुमला जिला के सामाजिक कार्यकर्ता संजय अग्रवाल ने कहा कि निश्चित रूप से यह चिंता का विषय बना हुआ है कि हम अपने समाज को नशे से बचाने के लिए अपनी ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं. जबकि इस तरह की संस्थाएं लगातार प्रयास कर समाज को एक बेहतर दिशा देने का काम कर रही हैं. हम सभी को मिलकर इस तरह से जागरूकता अभियान चलाने वाले लोगों को पूरी तरह से समर्थन देना चाहिए, ताकि उनका मनोबल मजबूत हो सके और हमारे समाज में नशा को लेकर किया जा रहा जनजागरण तेज हो सके. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आज देखने को मिलता है कि जो युवा पीढ़ी अपनी ऊर्जा देश के निर्माण में लगानी चाहिए, वह नशे के सेवन के कारण पूरी तरह से अक्षम होती जा रही है, जो निश्चित रूप से चिंता का विषय है. इस तरह के गंभीर विषयों को लेकर सामाजिक स्तर पर किया जा रहा प्रयास निश्चित रूप से आने वाले दिनों में रंग लाएगा और हमारा समाज बेहतर तस्वीर के रूप में उभरकर सामने आएगा. समाज में मौजूद अन्य लोगों ने भी इस तरह की पहल की जमकर प्रशंसा की.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता
रैली एवं कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक पवन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, केदार प्रसाद, अधिवक्ता नवीन प्रसाद, आशीष कुमार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग प्राप्त हुआ. इस अवसर पर लातेहार, लोहरदगा, खलारी, डाल्टनगंज, कुड़ु, चंदवा तथा आसपास के क्षेत्रों से आए भाई-बहनों एवं माताओं सहित संस्थान के सैकड़ों भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नशामुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाया.
