Chaibasa: चिड़िया स्थित सेल (SAIL) के दुबिल आयरन ओर माइंस में ट्रांसपोर्टिंग को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल सुलझ गया है. इस मुद्दे पर मनोहरपुर साइडिंग में सेल की अधिकृत ठेका कंपनी एन.के. मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड और मनोहरपुर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई.
बैठक में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों ने माइंस क्षेत्र में बाहरी वाहनों और ट्रांसपोर्टरों के संचालन का विरोध करते हुए स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की मांग रखी. दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि ट्रांसपोर्टिंग कार्य में बाहरी ट्रांसपोर्टरों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी.
दोनों पक्षों ने सहमति जताई
हालांकि यह भी तय हुआ कि ठेका कंपनी को प्रतिदिन करीब 2,000 टन आयरन ओर का परिवहन दुबिल माइंस से मनोहरपुर साइडिंग स्थित डंपिंग यार्ड तक सुनिश्चित करना होगा. यदि किसी कारणवश स्थानीय ट्रांसपोर्टर टेंडर की शर्तों के अनुसार पर्याप्त वाहन उपलब्ध नहीं करा पाते हैं, तो ठेका कंपनी अपनी आवश्यकता पूरी करने के लिए अपने निजी वाहनों का संचालन कर सकेगी. इस प्रस्ताव पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई, जिसके बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य को लेकर बनी असमंजस की स्थिति फिलहाल समाप्त हो गई.
ALSO READ: हजारीबाग : तीन वर्षों से विशेषज्ञ डॉक्टर का पद खाली, मरीजों और परिजनों में बढ़ी चिंता
