Ranchi: झारखंड के मुए थाई खिलाड़ियों की 8 सदस्यीय टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रविवार को नई दिल्ली रवाना हो गई. 21 से 23 जुलाई तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शौकिया मुए थाई चैंपियनशिप-2026 में राज्य के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. टीम का नेतृत्व झारखंड शौकिया मुए थाई संघ के अध्यक्ष मोहम्मद इबरार कुरैशी कर रहे हैं. टीम में रौनिका राशी, सानिया खातून, शिवदत्त लोहरा, अंश कुमार सिंह, रौनक कुमार और तेजस्वी कुमार शामिल हैं. वहीं करिश्मा कुमारी टीम की प्रशिक्षक के रूप में खिलाड़ियों के साथ दिल्ली रवाना हुईं.
यह भी पढ़ें: हॉकी झारखंड को मिला नया कार्यकाल, भोलानाथ सिंह चौथी बार निर्विरोध अध्यक्ष, कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
प्रतियोगिता के लिए कठिन अभ्यास और प्रशिक्षण
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों ने पिछले कई महीनों से लगातार कठिन अभ्यास और प्रशिक्षण किया है. खिलाड़ियों का लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतना और झारखंड का नाम पूरे देश में रोशन करना है. टीम के दिल्ली रवाना होने के मौके पर खेल प्रेमियों और संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. सभी ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य के लिए पदक जीतकर लौटेंगे.
