Chaibasa : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 पश्चिमी सिंहभूम जिले में जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जा रही है. परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
परीक्षा केंद्रों का DC-SP ने किया संयुक्त निरीक्षण
रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से चाईबासा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने PM प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय तथा सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय, चाईबासा में परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने केंद्र अधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
निष्पक्ष परीक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी मनीष कुमार
DC मनीष कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को परीक्षा समाप्ति तक पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है. जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की है. प्रशासन की सतत निगरानी के बीच जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में जारी है.
Also Read : हजारीबाग: विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर भाजपा विधायक की बैठक, घर-घर सत्यापन पर दिया जोर
