Ranchi: BJP की प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने होमगार्ड जवानों के लंबित मानदेय को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के MGMअस्पताल में ड्यूटी कर रही एक महिला होमगार्ड जवान का पांच महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण रो पड़ना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक महिला होमगार्ड की पीड़ा नहीं है, बल्कि राज्य के हजारों होमगार्ड जवानों की आवाज है, जो महीनों से अपने मेहनताने का इंतजार कर रहे हैं. जवान पूरी ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
मानदेय नहीं मिलने से जवानों में बढ़ रही परेशानी
राफिया नाज़ ने कहा कि इससे पहले भी मानदेय नहीं मिलने से परेशान एक महिला होमगार्ड जवान ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन सरकार ने इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के दौरान होमगार्ड जवानों को सम्मान, सेवा सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति यह है कि जवानों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद भी भुगतान लंबित
BJP प्रवक्ता ने कहा कि HC के निर्देश के बाद सरकार ने होमगार्ड जवानों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा तो की, लेकिन इसके बावजूद कई जवानों का भुगतान महीनों से लंबित है. उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित मानदेय का जिला-वार ब्योरा सार्वजनिक किया जाए और सभी जवानों का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए.
आंदोलन दबाने का लगाया आरोप
राफिया नाज़ ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे होमगार्ड जवानों के प्रति सरकार ने संवेदनहीन रवैया अपनाया और आंदोलन को दबाने के लिए सख्ती बरती गई. उन्होंने कहा कि जवानों पर लाठीचार्ज किया जाना सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है.
ALSO READ: राष्ट्रीय मुए थाई चैंपियनशिप में हिस्सा लेने दिल्ली रवाना हुई झारखंड की टीम, पदक जीतने का लक्ष्य
BJP ने रखी 4 प्रमुख मांगें
BJP ने मांग की है कि सभी होमगार्ड जवानों का लंबित मानदेय तत्काल जारी किया जाए. इसके साथ ही संशोधित मानदेय का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए, सेवा सुरक्षा को लेकर स्पष्ट नीति बनाई जाए और चुनाव के दौरान किए गए वादों को जल्द पूरा किया जाए.
