Ranchi: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है.
आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आरोप लगाया कि आयोग में पारदर्शिता की कमी है और हाल ही में जारी परीक्षा परिणाम सभी सदस्यों के हस्ताक्षर के बिना जारी किए गए. उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन नहीं कराने, कट-ऑफ सार्वजनिक नहीं करने और नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी नहीं करने जैसे आरोप भी लगाए.
22 जुलाई को होगा JPSC कार्यालय का घेराव
भाजयुमो ने 20 जुलाई को सोशल मीडिया अभियान, 21 जुलाई को पूरे राज्य में मशाल जुलूस और 22 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से JPSC कार्यालय तक मार्च कर घेराव करने की घोषणा की है. इस दौरान JPSC सफाई अभियान भी चलाया जाएगा.
आयु सीमा बढ़ाने की भी उठाई मांग
शशांक राज ने झारखंड में सरकारी नौकरियों की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि युवाओं के हित और आयोग की कथित अपारदर्शी व्यवस्था के विरोध में है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
