Medininagar: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पलामू की ओर से 22 जुलाई 2026 को रांची स्थित झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) कार्यालय के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला योजना बैठक आयोजित की गई. बैठक का आयोजन जिला कार्यालय, मेदिनीनगर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष डॉ. विपुल गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ.
कार्यक्रम की तैयारियों पर बनी रणनीति
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, रांची तक आवागमन की व्यवस्था, संगठनात्मक दायित्वों तथा जिले के विभिन्न मंडलों से अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई. जिला के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया.

प्रतियोगी छात्रों के मुद्दों को उठाने की तैयारी
बैठक में कहा गया कि प्रतियोगी छात्रों और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठाने के उद्देश्य से JPSC कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की.

कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने 22 जुलाई के प्रस्तावित कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का संकल्प लिया. साथ ही कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का निर्णय लिया गया.
ये रहे मौजूद
बैठक में भाजपा पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजयनंद पाठक, कार्यक्रम प्रभारी रघुवीर यादव, प्रदेश मंत्री विश्वजीत पाठक, प्रदेश आईटी सेल के आशीष भारद्वाज, किसान मोर्चा के कार्यक्रम समन्वयक जितेंद्र तिवारी, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियरंजन शर्मा, जिला महामंत्री अजय सिंह, लाल यादव, नितेश सिंह, गोपाल सोनी, रंजीत पासवान, राजीव रंजन, प्रधान सक्सेना, प्रकाश राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने किया.
ALSO READ: सोनम वांगचुक के इलाज पर अदालती मुहर, पर इच्छा के खिलाफ नहीं दी जा सकती दवा

