Ranchi: रांची नगर निगम अब कम्युनिटी हॉल की बुकिंग को पूरी तरह ऑनलाइन करने जा रहा है. इससे लोगों को हॉल बुक कराने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. पहले चरण में 16 कम्युनिटी हॉल को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा, जबकि बाद में सभी 68 कम्युनिटी हॉल ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था में शामिल किए जाएंगे. इस संबंध में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में कम्युनिटी हॉल की बुकिंग प्रक्रिया, किराया, समय, सुविधाओं और जरूरी सुधार कार्यों पर चर्चा की गई.
ऑनलाइन बुकिंग से होगी पारदर्शिता और समय की बचत
नगर आयुक्त ने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद लोग घर बैठे ही यह देख सकेंगे कि कौन-सा हॉल किस तारीख को खाली है, उसका किराया कितना है और सीधे ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकेंगे. इससे बुकिंग प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और समय की बचत करने वाली होगी. बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी कम्युनिटी हॉल के लिए एक समान नियम बनाए जाएंगे. इसमें बुकिंग की शर्तें, समय, किराया और बुकिंग रद्द करने की प्रक्रिया भी स्पष्ट होगी.
कम्युनिटी हॉल की सुविधाएं होंगी बेहतर
इसके अलावा नगर आयुक्त ने सभी कम्युनिटी हॉल की सुविधाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने बिजली, पानी, शौचालय, साफ-सफाई, पार्किंग, फर्नीचर, अग्निशमन व्यवस्था और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए. जिन हॉलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी है, वहां जल्द मरम्मत और विकास कार्य कराने को कहा गया.
ALSO READ: ‘शिक्षा का मतलब सिर्फ नौकरी नहीं’, गुरु पूर्णिमा पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने दिया बड़ा संदेश
