palamu : पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरप्रांतीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर शहर थाना पुलिस ने रेलवे कॉलोनी डाल्टनगंज में छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जिले में नशे के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी है और अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी सफलता हाथ लगी है.
अफीम तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार तस्करों की पहचान पलामू जिले के मनातु थाना क्षेत्र स्थित नागद गांव निवासी 26 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार सिंह, 28 वर्षीय मनोज कुमार सिंह और 23 वर्षीय जितेन्द्र कुमार यादव के रूप में हुई है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 2.690 किलोग्राम (ढाई किलो से अधिक) अवैध अफीम बरामद की है. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी पिछले दो वर्षों से अफीम के अवैध कारोबार में सक्रिय थे और इनमें से जितेन्द्र कुमार यादव मुख्य रूप से लाइजनिंग का काम संभालता था.

इस सफल कार्रवाई के बाद शहर थाना में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. इस छापेमारी दल में परिवीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, पुलिस अवर निरीक्षक रामाधीन प्रसाद, घनश्याम मिश्रा और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Also Read : नेपाल हाउस पहुंचे MGM मेडिकल कॉलेज के छात्र, हॉस्टल संकट पर स्वास्थ्य मंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान
