Chakradharpur / Jaintgarh: भनगांव स्थित कीर्तन मंडप में आयोजित 72 घंटे का अखंड श्री हरिनाम संकीर्तन मंगलवार को वैदिक विधि-विधान, भव्य हवन और पूर्णाहुति के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया. पिछले चार दिनों से पूरा क्षेत्र भक्ति और अध्यात्म के रंग में डूबा रहा.
ओडिशा और बंगाल की मंडलियों ने बांधा समां
इस धार्मिक आयोजन में ओडिशा और बंगाल की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों ने लगातार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. पूरा क्षेत्र “हरे राम हरे राम… हरे कृष्ण हरे कृष्ण…” के महामंत्र से गूंजता रहा. कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र बैतरणी नदी के जल से निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था. समाजसेवी जयप्रकाश प्रधान, शांतनु बारीक और इंद्रमणि बेहरा के मार्गदर्शन में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
भगवा झंडों से सजा भनगांव
संकीर्तन के दौरान पूरा भनगांव भगवा झंडों और धार्मिक सजावट से सजा रहा. दूर-दराज के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को एक बड़े मेले का रूप दे दिया. इस अवसर पर रामजीवन बेहरा, बबलू प्रधान, सुखदेव महतो, हरीश गिरी और बिपिन बिहारी प्रधान के नेतृत्व में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. चार दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए सुबह से देर रात तक भोग, खिचड़ी, चाय और शरबत की व्यवस्था की गई.
स्थानीय लोगों का मिला भरपूर सहयोग
कार्यक्रम की सफलता में भनगांव के ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों का अहम योगदान रहा. लोगों ने तन, मन और धन से सहयोग कर इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया. मंगलवार को पूर्णाहुति के बाद प्रसाद वितरण के साथ इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन किया गया.
ALSO READ: NCRB 2024 रिपोर्ट: झारखंड में साइबर-ठगी और जालसाजी का विस्फोट, अपराध का नया चेहरा बना आर्थिक फ्रॉड
